देवघर के पावर ग्रिड में फिर लगी भीषण आग:75 दिनों में दूसरी बार सारठ के निर्माणाधीन ग्रिड में हादसा, करोड़ों का नुकसान

झारखंड के देवघर में स्थित सारठ प्रखंड के गोपीबांध में निर्माणाधीन 132 केवीए पावर ग्रिड में शुक्रवार दोपहर को एक बार फिर भीषण आग लग गई। यह घटना पिछले सवा दो महीने में दूसरी बार हुई है। तेज हवा के कारण आग तेजी से पूरे ग्रिड में फैल गई, जिससे करोड़ों रुपए के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के नष्ट होने की आशंका है। यह पावर ग्रिड सारठ प्रखंड कार्यालय से मात्र आधा किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इससे पहले 4 दिसंबर 2024 को भी इसी स्थान पर आग लगी थी, जिसमें भी भारी नुकसान हुआ था। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटी हैं। महत्वपूर्ण है कि इस पावर ग्रिड का शिलान्यास 19 फरवरी 2019 को तत्कालीन कृषि मंत्री रणधीर सिंह ने किया था। पांच साल बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। अब दो बार आग लगने की घटनाओं से निर्माण कार्य और अधिक प्रभावित होगा, जिससे इसके पूरा होने में और देरी होने की संभावना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *