झालावाड़ में बुधवार को श्री देवनारायण जी की जयंती पर गुर्जर समाज ने भव्य शोभायात्रा निकाली। खंडिया स्थित मंदिर से शुरू हुई यह शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए धनवाड़ा में समाप्त हुई। मार्ग में कई स्थानों पर पुष्प वर्षा और जलपान से शोभायात्रा का स्वागत किया गया। धनवाड़ा में आयोजित सभा में पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने समाज को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान देवनारायण की गाथा समाज को देश और धर्म की रक्षा का संदेश देती है। उन्होंने युवा पीढ़ी से सत्कर्म के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। गुंजल ने कहा कि 5% आरक्षण मिलना ही पर्याप्त नहीं है और समाज को शिक्षा पर विशेष ध्यान देना होगा। कार्यक्रम में खानपुर विधायक सुरेश गुर्जर, जिला अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह गुर्जर और मंडल अध्यक्ष चंद्र मोहन धभाई सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में युवाओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम का संचालन श्याम खटाना ने किया। इस अवसर पर पूर्व प्रधान बृजमोहन गुर्जर, श्योदान गुर्जर, पूर्व सरपंच छगन सिंह गुर्जर, मुकेश गुर्जर, मनोज गुर्जर और पूर्व चेयरमैन रामलाल गुर्जर समेत समाज के वरिष्ठ जन भी मौजूद रहे। आकर्षण का केंद्र रही शोभायात्रा
शोभायात्रा में विशेष आकर्षण 6 डीजे 11 घोड़ी डांस, 14 बगड़ावत घोड़िया, देवनारायण भगवन झांकी, बिंदोरी एवं गुर्जर समाज की महिलाएं नृत्य और समाज के पहलवानों का अखाड़े का प्रदर्शन हुआ। पूरा शहर देवनारायण के जयकारों से गूंजा। जिला संयोजक श्याम गुर्जर खटाना मंदिर अध्यक्ष राकेश गुर्जर ने बताया कि शोभयात्रा के बाद सामूहिक प्रसादी का आयोजन हुआ।


