देवरबीजा| सेवा सहकारी समिति देवरबीजा में धान खरीदी की रफ्तार बेहद धीमी चल रही है। डेढ़ माह बीत जाने के बावजूद अब तक केवल 41 प्रतिशत धान की ही खरीदी हो पाई है। समिति में कुल 1262 किसानों का पंजीयन हुआ है। इनमें से 551 किसानों द्वारा 33,775 क्विंटल धान की बिक्री हो सकी है। अभी भी 711 किसानों का करीब 46,225 क्विंटल धान खरीदी के लिए शेष है। किसानों का कहना है कि 30 दिसंबर से प्रति किसान 200 क्विंटल की लिमिट बढ़ाने के बावजूद खरीदी की गति में अपेक्षित तेजी नहीं आई है। किसानों का आरोप है कि खरीदी केंद्र में व्यवस्थाओं की कमी और परिवहन व्यवस्था की धीमी गति के कारण धान उठाव प्रभावित हो रहा है। ट्रकों की समय पर उपलब्धता नहीं होने से धान का परिवहन अटक रहा है, जिससे खरीदी की रफ्तार और कमजोर हो गई है। क्षेत्र के किसानों ने शासन और प्रशासन से तत्काल प्रति किसान धान खरीदी की लिमिट बढ़ाने, परिवहन व्यवस्था में सुधार की मांग की है। यदि समय रहते निर्णय नहीं लिया गया, तो बड़ी संख्या में किसान धान बेचने से वंचित रह जाएंगे और उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।


