देवास शुक्रवार सुबह घने कोहरे की चपेट में रहा। हालात ऐसे रहे कि दृश्यता बेहद कम हो गई और दिन के समय भी वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा। सुबह 10 बजे तक धूप नहीं निकल सकी, जिससे ठंड का असर और ज्यादा महसूस हुआ। सुबह-सुबह सड़कों पर इतना घना कोहरा छाया रहा कि पास की वस्तुएं भी साफ दिखाई नहीं दे रही थीं। मुख्य मार्गों पर चल रहे दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को सुरक्षा के लिहाज से हेडलाइट ऑन रखनी पड़ी। कोहरे के कारण रफ्तार भी धीमी रही। माता टेकरी भी कोहरे की चादर में लिपटी नए साल के पहले दिन मौसम साफ रहा था, लेकिन दूसरे दिन सुबह से ही कोहरा छा गया। शहर की पहचान मानी जाने वाली माता टेकरी भी पूरी तरह कोहरे की चादर में लिपटी नजर आई। करीब 10 बजे के बाद कोहरा धीरे-धीरे छंटा और धूप निकली। तापमान में हल्की बढ़ोतरी, ठंड बरकरार पिछले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 1 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हालांकि सुबह और शाम के समय कड़ाके की ठंड का असर अब भी बना हुआ है। जनवरी के पहले सप्ताह में बढ़ेगी ठंड मौसम विभाग के अनुसार जनवरी के पहले सप्ताह में ठंड का असर और तेज हो सकता है। सुबह के समय कोहरा और रात में ठंडी हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।


