देवास में मौसम का मिजाज बदल गया है। पिछले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने से लोगों को कड़ाके की ठंड से थोड़ी राहत मिली है। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले न्यूनतम पारा लुढ़ककर 7 डिग्री तक पहुंच गया था, जिससे तेज ठंड पड़ रही थी। सुबह हल्का कोहरा, दिन में खिली धूप पिछले सप्ताह लगातार तापमान में गिरावट और घने कोहरे के कारण ठंड का असर काफी बढ़ गया था। हालांकि, अब सुबह के समय सिर्फ हल्का कोहरा दिखाई दे रहा है, जिसके बाद मौसम साफ हो जाता है और धूप निकल आती है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो से तीन दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहने की संभावना है। इसके बाद ठंड का दौर फिर से लौटेगा और अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। फसलों के लिए अच्छा मौसम, पाले का डर नहीं कृषि वैज्ञानिकों के मुताबिक, वर्तमान मौसम फसलों के लिए अनुकूल बना हुआ है। किसान रबी फसलों में सिंचाई कर रहे हैं। कई क्षेत्रों में गेहूं की फसल में बालियां आने लगी हैं। वैज्ञानिकों ने किसानों को हल्की सिंचाई जारी रखने की सलाह दी है। राहत की बात यह है कि फिलहाल पाले (Frost) पड़ने की कोई आशंका नहीं है।


