देवास में आज बुधवार सुबह कचरा संग्रहण व्यवस्था अचानक ठप हो गई। ठेकेदार के कचरा वाहन चालकों ने तीन महीने से वेतन न मिलने का आरोप लगाते हुए काम बंद कर दिया और हड़ताल पर चले गए। शहर में सफाई व्यवस्था बिगड़ते देख नगर निगम आयुक्त दिलीप सिंह खुद डिपो पहुंचे। उन्होंने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत निगम के ड्राइवरों को काम पर लगाया और ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई के संकेत दिए। हड़ताल की सूचना मिलते ही नगर निगम के अधिकारी तत्काल कचरा गाड़ियों के डिपो पहुंचे। उन्होंने चालकों से बातचीत कर मनाने का प्रयास किया, लेकिन चालक अपनी मांगों पर अड़े रहे। चालकों का आरोप है कि उन्हें ठेकेदार द्वारा पिछले दो से तीन माह से भुगतान नहीं किया गया है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। आयुक्त पहुंचे, बोले- ठेकेदार ने रोका है भुगतान
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नगर निगम आयुक्त दिलीप सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्पष्ट किया कि कचरा वाहन चालकों का भुगतान ठेकेदार के माध्यम से होता है और ठेकेदार ने ही उनका भुगतान रोका है। उन्होंने इस मामले में ठेकेदार से जल्द चर्चा करने की बात कही। निगम के ड्राइवरों ने संभाला मोर्चा
हड़ताल के कारण बिगड़ते हालात को देखते हुए नगर निगम ने तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था लागू की। शहरवासियों को असुविधा से बचाने के लिए निगम के दैनिक वेतन भोगी और कुछ स्थायी चालकों को कचरा वाहनों पर तैनात किया गया, जिसके बाद गाड़ियां शहर के लिए रवाना हुईं। ठेकेदार को ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी
निगम आयुक्त ने दोहराया कि शहर की साफ-सफाई व्यवस्था किसी भी कीमत पर प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी है कि ठेकेदार से बात की जाएगी और यदि आवश्यक हुआ तो उसे ब्लैकलिस्ट कर अनुबंध (Contract) समाप्त करने के लिए नोटिस जारी किया जाएगा।


