देवास जिले में शीतलहर और गिरते तापमान के कारण जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को देखते हुए, जिले के सभी विद्यालयों में कक्षा नर्सरी से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए आज सोमवार से बुधवार तक अवकाश घोषित किया गया है। यह अवकाश देवास जिले में संचालित सभी शासकीय, अशासकीय, निजी, सीबीएसई, आईसीएसई, माध्यमिक शिक्षा मंडल और अन्य सभी बोर्ड से संबद्ध विद्यालयों पर लागू होगा। इसके अतिरिक्त, जिले की आंगनवाड़ी संस्थाएं भी इस आदेश के अंतर्गत आएंगी। स्कूलों में टीचर और स्टाफ की उपस्थिति अनिवार्य जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि स्कूलों में शिक्षकीय और अन्य स्टाफ नियमित रूप से उपस्थित रहेगा। परीक्षाएं, मूल्यांकन या अन्य आवश्यक शैक्षणिक गतिविधियां अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही संचालित होंगी। केवल विद्यार्थियों की नियमित कक्षाएं स्थगित की गई हैं। देवास जिले में वर्तमान में न्यूनतम तापमान 9 से 12 डिग्री के बीच दर्ज किया जा रहा है। सुबह और रात के समय ठंड का प्रभाव अधिक रहता है। ठंडी हवाओं और हल्की धुंध के कारण बच्चों में सर्दी-खांसी और अन्य मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। आगामी दिनों में मौसम शुष्क और ठंडा बना रहेगा मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, आने वाले कुछ दिनों तक जिले में मौसम शुष्क और ठंडा बना रहेगा। तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव की संभावना है, लेकिन फिलहाल ठंड से कोई बड़ी राहत मिलने के आसार नहीं हैं।


