मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (MPCA) के अध्यक्ष महाआर्यमन सिंधिया मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर गुना पहुंच रहे हैं। MPCA अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका क्षेत्र का पहला दौरा है। वे यहां युवा सम्मेलन में शामिल होंगे और क्रिकेट एसोसिएशन के सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। मंगलवार शाम 5 बजे पहुंचेंगे, जगह-जगह स्वागत
जिला मीडिया प्रभारी अंकुर श्रीवास्तव ने बताया कि सिंधिया मंगलवार शाम 5 बजे सड़क मार्ग से गुना आएंगे। रास्ते में कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं और खेल संस्थाओं द्वारा उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद वे जयस्तंभ चौराहे स्थित एक होटल में युवा सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम के बाद वे डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (DCA) के सदस्यों के साथ मीटिंग करेंगे। बुधवार को बमौरी जाएंगे, पूर्व मंत्री ने देखीं तैयारियां
रात्रि विश्राम के बाद बुधवार सुबह महाआर्यमन सिंधिया टेकरी सरकार के दर्शन करेंगे। इसके बाद वे बमौरी में आयोजित युवा सम्मेलन में शामिल होकर भोपाल के लिए रवाना होंगे। इधर, दौरे को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह सिकरवार और पूर्व मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया ने बमौरी पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन की बैठक में भी कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई।


