देवास में बर्फीली हवाओं के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। गुरुवार को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा। शहर में सुबह 10:30 बजे तक घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई। पिछले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 3 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। ठंड का असर इतना बढ़ गया कि गुरुवार सुबह वाहन चालकों को हेडलाइट्स जलाकर चलना पड़ा। कोहरे के कारण दिन में भी ठिठुरन महसूस की गई। मौसम में यह बदलाव एक दिन पहले हुई बारिश और ओलावृष्टि के बाद आया है। मौसम विभाग के अनुसार, लगातार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम में परिवर्तन हो रहा है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में एक बार फिर बारिश होने की संभावना जताई है। कोहरे और ठंड का असर फसलों पर भी पड़ने की आशंका है। कृषक राजपाल ने बताया कि यदि कोहरा लगातार बना रहता है, तो चने की फसल में इल्लियों का प्रकोप बढ़ सकता है। इसके अलावा, गेहूं की फसल भी पकने लगी है, जिस पर कोहरे के कारण उत्पादन प्रभावित हो सकता है।


