लुधियाना जिले के मुल्लापुर दाखा के पास लुधियाना-भठिंडा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई।जहां दो बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सुधार स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की पैरों में फ्रैक्चर आया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। बता दे कि घायलों की पहचान लुधियाना निवासी गुरप्रीत सिंह पुत्र हरभजन सिंह और गांव बुढ़ेल निवासी सतनाम सिंह पुत्र जगरूप सिंह के रूप में हुई है। अस्पताल में भर्ती घायलों ने बताया कि वे रकबा गांव स्थित गुरुद्वारा साहिब में सेवादार के रूप में कार्यरत हैं।
कार ने मारी बाइक को टक्कर बता दे कि गुरूवार को दोनों पेट्रोल डलवाने के लिए नजदीकी पेट्रोल पंप की ओर जा रहे थे। पेट्रोल पंप के समीप पहुंचने पर सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी मोटरसाइकिल को सीधी टक्कर मार दी, जिससे वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
कार ड्राइवर मौके से फरार प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी और हादसे के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर सड़क सुरक्षा फोर्स के जवान और पुलिस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार कार चालक की तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस व्यस्त मार्ग पर गति नियंत्रण और सुरक्षा प्रबंधों को और सख्त करने की मांग की है।


