देवास जिले के गंधर्वपुरी गांव में कुशवाह नगर निवासी 28 वर्षीय अर्जुन ने पारिवारिक विवाद के चलते अपने वृद्ध माता-पिता और एक रिश्तेदार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में मां का हाथ गंभीर रूप से कट गया, जबकि पिता और रिश्तेदार भी घायल हुए हैं। हमले में महिला मनसागर का हाथ गंभीर रूप से कट गया और पिता जग्ग नाथ को भी गहरी चोटें आईं। बीच-बचाव करने आए मामा के लड़के इंदरसिंह पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों ने सभी घायलों को तुरंत देवास के एमजी अस्पताल पहुंचाया। यह घटनाक्रम रविवार दोपहर का बताया जा रहा है।
दंपती इंदौर रेफर, महिला का हाथ कटा
प्राथमिक उपचार के बाद, बुजुर्ग माता-पिता की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें इंदौर रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों ने बताया कि महिला को गंभीर चोटें आई हैं और कटे हुए हाथ की आपातकालीन सर्जरी की जानी है। डॉ. विशाल पटेल ने जानकारी दी कि इंदरसिंह के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि मनसागर और जग्ग नाथ को गंभीर चोटें और रक्तस्राव हुआ है। मनसागर के कटे हुए हाथ की आपातकालीन सर्जरी की जानी है, जिसके लिए उन्हें एमवाय अस्पताल रेफर किया गया है। घायल इंदर सिंह कुशवाह ने बताया कि आरोपी ने दराता और कुल्हाड़ी लेकर अचानक उन पर हमला कर दिया था। नशे का आदी है आरोपी
परिजनों के अनुसार, आरोपी अर्जुन कुशवाह नशे का आदी है। सोनकच्छ थाना प्रभारी अजय सिंह गुर्जर ने बताया कि आरोपी सनकी किस्म का है और उसने अपने वृद्ध माता-पिता पर हमला किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 307 (हत्या के प्रयास) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि, आरोपी को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।


