देवास शहर में नगर निगम अमले ने शुक्रवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। एबी रोड से लगे सर्विस रोड पर ग्रीन बेल्ट की जगह पर किए गए अस्थाई अतिक्रमण को हटाया गया। कई लोगों ने अवैध रूप से गुमटियां और अन्य सामग्री रखकर कब्जा कर लिया था। इस अतिक्रमण के कारण सर्विस रोड पर आवागमन के लिए पर्याप्त जगह नहीं बची थी, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। निगम अमले ने मौके पर पहुंचकर 10 से 12 लोगों द्वारा अवैध रूप से रखी गई सामग्री और गुमटियों को हटाकर जब्त कर लिया। यह कार्रवाई रामनगर से कोर्ट तक के ग्रीन बेल्ट वाले हिस्से में की गई। निगम के हेमंत उबनारे ने बताया कि निगमायुक्त के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्थाई तौर पर लगाई गई गुमटियों को हटा दिया गया है, जिससे अब आवागमन बाधित नहीं होगा। निगम यह भी सुनिश्चित करेगा कि भविष्य में इस जगह पर दोबारा गुमटियां न लगें।


