भास्कर न्यूज| महासमुंद ग्राम बम्हनी के बम्हनेश्वर नाथ मंदिर प्रांगण में मां सावित्री देवी की नवनिर्मित मंदिर में तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा का शनिवार को समापन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान यज्ञ नारायण भगवान में घृत की यशोधरा अर्पण कर पूर्णाहुति के साथ हुई। इस दौरान ग्राम के खुशहाली व कल्याण की कामना कि गई। साथ ही यज्ञ स्थल में विराजित सभी देवी देवताओं को विधि पूर्वक निज धाम के लिए विदाई दी गई। यज्ञ स्थल पर इस दौरान लगातार ग्राम बम्हनी व आसपास के ग्रामीण लगातार आते रहे और भगवान यज्ञ नारायण की परिक्रमा करते रहे। संपूर्ण विधान यज्ञाचार्य पं. पंकज तिवारी ने अपने पुरोहितों दिनेश चौबे, रिकेस दुबे मासूम पांडे आदि के साथ पूर्ण कराया। पंचवटी परिवार की कुलदेवी मां सावित्री देवी के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के मुख्य जजमान अमिनेश अग्रवाल, उप जजमान राजेश अग्रवाल, सह जजमान अमिताभ अग्रवाल, ब्रजेश अग्रवाल, धर्मेश अग्रवाल ने पुरोहितों के मंत्रोच्चार के बीच पुष्पों से देवी का सहस्त्रार्चन वंदन किया। साथ ही देवी के श्रृंगारित स्वरूप का गुणगान करते हुए सभी के कल्याण भाव से आशीर्वचन मांगा। दिन भर लोगों की आवाजाई बनी रही, जिसके कारण परिसर में मेले का माहौल रहा। बीती रात रनचिरई जामगांव की मीना साहू ने पंडवानी कार्यक्रम प्रस्तुत किया, जिसका आनंद ग्रामीण जन देर रात तक उठाते रहे। पंचवटी परिवार के डॉ. संतोष कुमार अग्रवाल के अलावा आयोजन से जुड़े होरीलाल पांडेय, सुखीराम साहू, रामेश्वर पांडेय, खिलावन यादव, पुजारी संतोष दुबे ने मिले प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष सहयोग के लिए सभी को साधुवाद दिया है। बम्हनेश्वर नाथ की सवा लाख बाती से महाआरती की गई: मंदिर परिसर में विराजित हनुमान लला की दोपहर में उपस्थित जनों ने हनुमान चालीसा पाठ कर आरती व भोग लगाया। दोपहर में ही श्वेत गंगा कुंड के किनारे विराजित बाबा बम्हनेश्वर नाथ जी का सभी जजमानों ने अभिषेक पूजन किया। अभिषेक पूजन उपरांत परिजनों व ग्रामीणों ने सवा लाख बाती से महाआरती की। पश्चात भोजन प्रसादी में उपस्थित जन शामिल हुए।


