देवेंद्रनगर पुलिस ने मोटर चोरी गिरोह का किया खुलासा:दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी की गई मोटर और बाइक बरामद

पन्ना पुलिस ने सिंचाई मोटर चोरी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। देवेंद्रनगर थाना पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और चोरी की गई मोटर के साथ वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की है। यह घटना देवेंद्रनगर के वार्ड नंबर 11 में हुई, जहाँ किसान प्रमोद कुमार बागरी के खेत (जिगदहा रोड) से 28-29 जनवरी की रात एक 3 HP की मोनो ब्लॉक मोटर चोरी हो गई थी। चोरों ने आरी ब्लेड से पाइप काटकर मोटर चुराई थी। पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देश पर देवेंद्रनगर थाना प्रभारी संतोष यादव ने एक विशेष टीम गठित की। पुलिस ने मुखबिरों की सूचना पर जांच शुरू की, जिससे पता चला कि घटना वाली रात दो संदिग्ध युवक तालाब के पास देखे गए थे। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर प्रदीप कुशवाहा और देवेंद्र उर्फ राजाबाबू राव को हिरासत में लिया। शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने टालमटोल की, लेकिन सख्ती बरतने पर उन्होंने चोरी की वारदात कबूल कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने आरोपी देवेंद्र के घर पर छापा मारा। वहाँ से चोरी की गई हरे रंग की टाटा कंपनी की मोटर बरामद की गई। पुलिस ने चोरी की मोटर के साथ वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और पाइप काटने वाली आरी ब्लेड भी जब्त कर ली है। इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम में उप निरीक्षक संतोष यादव, प्रधान आरक्षक धीरेन्द्र सिंह, आरक्षक बृजेंद्र रैकवार और अन्य सदस्य शामिल थे। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *