भास्कर न्यूज | अमृतसर लारेंस रोड स्थित बिजली पहलवान मंदिर में सोमवार को शिव महापुराण कथा का आयोजन किया। वरुण अग्रवाल परिवार की ओर से करवाई जा रही कथा के चौथे दिन ब्यास गद्दी पर विराजमान शुभम तिवारी महाराज वृंदावन वालों ने कथा से भक्तों को मंत्रमुग्ध किया। शुभम तिवारी ने कथा करते कहा कि देवों के देव महादेव बाबा भोले नाथ की आराधना पापों से मुक्ति दिलाती है। क्योंकि भोले नाथ जल्द प्रसन्न होने वाले देव हैं। तिवारी महाराज ने कथा से पहले सभी भक्तों को साथ लेकर पवित्र ज्योति जलाई। कथा को आगे बढ़ाते तिवारी भस्मासुर की कथा सुनाई। महाराज ने कहा कि भस्मासुर ने भगवान शिव की आराधना कर उनको प्रसन्न किया। जिसके फलस्वरूप शिव ने उसको वरदान देते हुए कहा कि भस्मासुर जिसके सिर पर हाथ रखेंगे वह वहीं भस्म हो जाएगा। भस्मासुर ने सोचा कि पहले बाबा भोले नाथ के सिर पर हाथ रखकर उन्हें भस्म कर दू। भस्मासुर भोले नाथ के पीछे-पीछे भागने लगा इसका पता जब भगवान विष्णु को चला तो उन्होंने मनमोहिनी रूप धारण कर लिया। मनमोहनी रूप में भगवान विष्णु नृत्य करने लगे और भस्मासुर भी उनके साथ नृत्य करने लगा। इस दौरान जैसे ही मनमोहिनी ने अपना हाथ अपने सिर पर रखा तो भस्मासुर ने उनका अनुसरण करते वैसा ही किया। इसके बाद वह वहीं भस्म हो गया।


