इंदौर में ‘झंडा ऊंचा रहे हमारा’ अभियान के तहत शनिवार की शाम को शहर के प्रसिद्ध व्यापारिक केंद्र 56 दुकान पर देशभक्ति का अनूठा माहौल देखने को मिला। ‘सबसे आगे होंगे हिंदुस्तानी’ कार्यक्रम में इंदौर पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (BSF) के बैंड दलों ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति से वातावरण को देशप्रेम से सराबोर कर दिया। करीब दो घंटे चले इस कार्यक्रम में प्रसिद्ध गायक स्वरांश पाठक और उनकी टीम ने भी अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। कार्यक्रम में 56 दुकान व्यापारी एसोसिएशन की सक्रिय भागीदारी रही। इस दौरान हजारों की संख्या में उपस्थित नागरिकों ने देशभक्ति के गीतों पर झूमते हुए कार्यक्रम का आनंद लिया। कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि अगले दिन यानी रविवार की सुबह जाल सभागृह में महिला बैंड दल की विशेष प्रस्तुति का भी आयोजन किया गया। इस तरह के आयोजनों से न केवल लोगों में देशभक्ति की भावना को बढ़ावा मिला, बल्कि सामाजिक एकता का संदेश भी प्रसारित हुआ। संस्था सेवा सुरभि और इंदौर पुलिस, जिला प्रशासन, नगर निगम एवं इंदौर विकास प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में गत 12 जनवरी से चल रहे ’झंडा ऊंचा रहे हमारा अभियान’ के छठे दिन आज शाम 56 दुकान क्षेत्र में पुलिस के सुसज्जित बैंड दल ने अपनी मनोहारी प्रस्तुतियों से आम नागरिकों को सम्मोहित बनाए रखा। इसके पूर्व बीएसएफ के बैंड ने यहां आकर अपने तरानों से सबका मन मोह लिया। एसोसिएशन की ओर से अध्यक्ष गुंजन शर्मा, मोहन अग्रवाल, पंकज कासलीवाल, विशाल डागरिया, अनुराग जैन एवं संस्था सेवा सुरभि के संयोजक ओमप्रकाश नरेडा ने सभी कलाकारों का स्वागत किया। ’ये देश है वीर जवानों का अलबेलो का ’….’मेरे देश की धरती सोना उगले’…..’सबसे आगे होंगे हिंदुस्तानी ’..…’जहां डाल-डाल पर सोने की चिड़िया’….’तेरी मिट्टी में मिल जावा’जैसी लोकप्रिय धुनों को सुनकर वहां मौजूद लोग भी खुद को नाचने गाने से नहीं रोक सके। कार्यक्रम के अगले चरण में गायक स्वरांश पाठक और उनकी टीम के साथियों ने भी अपने गीतों से ऐसा समा बांधा कि हर कोई झूम उठा। इस मौके पर देश में इंदौर को सबसे स्वच्छ शहर का खिताब दिलाने वाले सफाई कर्मियों के प्रतिनिधि के रूप में दरोगा शंकर भाटी, माला बाई, सीताबाई, पदमा बाई, सचिन तायडे, अमोल एवं श्रवण हिवाडे का नगर निगम के अपर आयुक्त अभिलाष मिश्रा के आतिथ्य में सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम के सूत्रधार थे रंगकर्मी संजय पटेल। महिला बैंड की विशेष प्रस्तुति रविवार को ’झंडा ऊंचा रहे हमारा’ अभियान के तहत रविवार 19 जनवरी को सुबह 10 बजे से जाल सभागृह में जानकी बैंड ऑफ विमेन जबलपुर की महिलाओं द्वारा हिंदी के प्रसिद्ध कवियों के राष्ट्रभक्ति केंद्रित गीतों की प्रस्तुतियों का अनूठा आयोजन होगा। वामा साहित्य मंच की सहभागिता में शहर में यह कार्यक्रम पहली बार हो रहा है। संयोजक मोहन अग्रवाल एवं प्रीति दुबे के अनुसार कार्यक्रम केवल आमंत्रितों के लिए है।


