गिरिडीह पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने से पहले ही एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार व्यक्ति के पास से एक देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की गई है। आरोपी की पहचान जमुआ थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव निवासी नरेश यादव के रूप में हुई है। इस संबंध में खोरीमहुआ के एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर 25 दिसंबर की रात एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान नवडीहा ओपी (जमुआ थाना क्षेत्र) अंतर्गत कुरहोबिंदो-बिशुनपुरा मुख्य ग्रामीण मार्ग पर हाई स्कूल के सामने चलाया गया था। रंगदारी वसूलने और दहशत फैलाने के इरादे से घूम रहा था चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक पर सवार एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से अवैध देशी कट्टा और जिंदा गोली बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी क्षेत्र में रंगदारी वसूलने और दहशत फैलाने के इरादे से घूम रहा था। नवडीहा ओपी प्रभारी दीपक कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए किसी भी आपराधिक घटना के घटित होने से पहले ही आरोपी को पकड़ लिया। इस मामले में नवडीहा ओपी में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)A/26/35 के तहत जमुआ थाना कांड संख्या 333/25 दर्ज किया गया है। आरोपी को कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों पर लगाम लगी है और आम लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ी है। जिला पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति का सख्ती से पालन कर रही है। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना, पुलिस नियंत्रण कक्ष अथवा डायल 112 पर दें।


