छत्तीसगढ़ के बालोद में देशी मुर्गा खरीदने का लालच कॉलेज छात्रों को महंगा पड़ गया। व्हाट्सएप ग्रुप पर ऊंचे ब्रीड के मुर्गे की फोटो-वीडियो दिखाकर ठग ने 27 हजार रुपए ऐंठ लिए। रकम मिलते ही फोन उठाना बंद कर दिया गया। मामला देवरी थाना क्षेत्र का है। दरअसल ग्राम नाहंदा के रहने वाले मयंक कुमार देवांगन (21) और उसका दोस्त प्रदीप नाग ने दुर्ग सेवल नाम का व्हाट्सएप ग्रुप बना रखा था। इसी ग्रुप में जुड़े एक अज्ञात शख्स ने उनसे संपर्क किया और ऊंचे ब्रीड का देशी मुर्गा बेहद सस्ते दाम पर दिलाने का दावा किया। भरोसा दिलाने के लिए फोटो और वीडियो भी भेजे। लालच में आकर छात्रों ने फोन पे के जरिए किस्तों में 27 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। पैसे मिलते ही आरोपी ने कॉल रिसीव करना बंद कर दिया। ठगी का एहसास होने पर दोनों ने परिवार से चर्चा कर देवरी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। देशी मुर्गा का लालच, किस्तों में ट्रांसफर किए पैसे मयंक ने बताया वह राजनांदगांव के शासकीय कॉलेज में फाइनल ईयर का छात्र है। उसने 3 से 17 जुलाई के बीच फोन पे के जरिए अलग-अलग किश्तों में कुल 13 हजार 200 रुपए भेजे। वहीं उसका दोस्त प्रदीप नाग ने अपने पिता के मोबाइल से 14 हजार 300 रुपए आरोपी के नम्बर पर ट्रांसफर किए। इस तरह दोनों से कुल 27 हजार 500 रुपए की ठगी हुई है। मामले में देवरी पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


