तेज रफ्तार की वजह से भिलाई में दो दोस्तों की मौत हो गई। जबकि गाड़ी चलाने वाला तीसरा दोस्त अस्पताल में भर्ती है। दुर्ग जिले के लिटिया-बोरी मार्ग पर बीते 19 सितंबर की रात एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में उतर गई। हादसे में कार में सवार भिलाई के दो युवकों की मौत हो गई, जबकि कार चला रहा उनका साथी घायल है। पुलिस जांच में सामने आया कि गाड़ी चलाने वाले की लापरवाही से यह हादसा हुआ है। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। कवर्धा घूमकर लौट रहे थे तीनों दोस्त
पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान आशीष चौधरी और ए. रविश कुमार के रूप में हुई है। दोनों भिलाई के रहने वाले थे। हादसे के वक्त कार को दीपक सिंह चला रहा था, जो घायल है। बताया गया कि तीनों दोस्त 19 सितंबर को दोपहर करीब 2 बजे भिलाई से स्विफ्ट कार (सीजी 08 एएन 3214) में सवार होकर घूमने के लिए कवर्धा गए थे। वहां से लौटते समय देर रात हादसा हुआ। देर रात 9 बजे हुआ हादसा
बोरी पुलिस ने बताया कि रात करीब 8:50 बजे कार लिटिया से बोरी मार्ग पर ग्राम बड़े पूरदा के पास पहुंची थी। इसी दौरान तेज रफ्तार और लहराकर गाड़ी चलाने के कारण वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पीछे बैठे आशीष चौधरी और रविश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। कार चालक दीपक सिंह को भी चोटें आईं, लेकिन वह बच गया। मौके पर बेसुध पड़े मिले दोनों युवक
सूचना मिलने के बाद तत्काल ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक खतरनाक तरीके से गाड़ी चला रहा था। कार की रफ्तार देखकर लग रहा था कि कभी भी हादसा हो सकता है। जब वाहन गड्ढे में गिरा, तो दोनों युवक बेसुध हो चुके थे और उन्हें गंभीर चोटें आई थीं। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को सीएचसी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि आशीष चौधरी और रविश कुमार की हालत बेहद गंभीर है। कुछ देर के बाद दोनों की मौत हो गई। कार चालक दीपक सिंह की स्थिति स्थिर बताई गई। पुलिस ने दर्ज किया केस
20 सितंबर को रिंकू सिंह की रिपोर्ट पर बोरी पुलिस ने कार चालक दीपक सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है। उस पर धारा 105-BNS (लापरवाही से मृत्यु कारित करना), 184-LKS (खतरनाक ड्राइविंग) और 185-LKS (शराब पीकर वाहन चलाना) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। इलाके में गमगीन माहौल
हादसे की खबर जैसे ही भिलाई पहुंची, दोनों युवकों के परिवारों में कोहराम मच गया। दोस्तों का कहना है कि दोनों बेहद मिलनसार और हंसमुख स्वभाव के थे। अचानक हुए इस हादसे ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। दुर्ग-बोरी मार्ग पर हादसों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। तेज रफ्तार और नशे में वाहन चलाना इसके प्रमुख कारण बताए जाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस को ऐसे लापरवाह चालकों के खिलाफ और सख्ती से कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि सड़क पर अनमोल जिंदगियां बचाई जा सकें।


