भास्कर न्यूज | अंबिकापुर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के 140वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा द्वारा राजीव भवन में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पार्टी ध्वज वंदन के साथ-साथ वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में कांग्रेस की भूमिका पर परिचर्चा आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेन्द्र गुप्ता द्वारा ध्वज फहराकर किया गया। इस अवसर पर पार्टी के प्रति समर्पित सेवाओं के लिए सुरेन्द्र गुप्ता और विमलेश सिंह को शाल व श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। पूर्व कैबिनेट मंत्री अमरजीत भगत ने परिचर्चा में हिस्सा लेते हुए केंद्र सरकार और फासीवादी ताकतों पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि आज देश में अंग्रेजों जैसी ही परिस्थितियां बनाई जा रही हैं। मूल निवासियों के जल, जंगल और जमीन को पूंजीपतियों को सौंपा जा रहा है, जिसे कांग्रेस अपने संघर्ष के बल पर विफल करेगी। नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा सभी विचारधाराओं को एक मंच पर लाकर आजादी की लड़ाई लड़ी थी। आज फिर से समाज को बांटकर संसाधनों की लूट की जा रही है। वहीं, प्रदेश महामंत्री द्वितेन्द्र मिश्रा ने कहा कि चुनाव जीतने के लिए समाज में विभाजन के बीज बोए जा रहे हैं, जिसका कांग्रेस मजबूती से मुकाबला करेगी। वरिष्ठ नेता सुरेन्द्र गुप्ता और विमलेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा चिरस्थायी है। उन्होंने संख्या बल के बजाय संगठित संघर्ष पर ध्यान देने की बात कही और भरोसा जताया कि युवा नेतृत्व के दम पर पार्टी फिर से मजबूती से उभरेगी। संचालन सेवादल अध्यक्ष लोकेश कुमार ने किया। इस दौरान एपी सांडिल्य, लक्ष्मी गुप्ता और आतिश शुक्ला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


