देह व्यापार: सिविल ड्रेस में रेकी कर घेराबंदी, दलाल-3 युवतियां गिरफ्तार

भास्कर न्यूज | कवर्धा कवर्धा का घुघरी रोड और अटल आवास क्षेत्र.. जहां रात होते ही डर का राज चलता था, वही शुक्रवार रात करीब 11 बजे पुलिस के कब्जे में आ गई। सायरन की आवाज, चमकती लाल- नीली बत्ती, चारों तरफ घेराबंदी और कुछ ही मिनटों में बदमाशों की धर पकड़ की गई। पुलिस ने लेट नाइट बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान नाबालिग समेत 8 बदमाशों को धर दबोचा, जो रात के वक्त राहगीरों को परेशान करते थे। वहीं देह व्यापार में संलिप्त दलाल समेत 3 युवतियों को गिरफ्तार किया है। एसपी धर्मेद्र सिंह के निर्देश पर एएसपी पुष्पेंन्द्र सिंह बघेल व अमित पटेल के मार्गदर्शन में शुक्रवार को लेट नाइट ऑपरेशन चलाया गया। ऑपरेशन के लिए घुघरी रोड को टारगेट किया गया था। क्योंकि शहर के इस इलाके में राहगीरों को रोककर झगड़ा, गाली-गलौज करना, महिलाओं को डराना और खुलेआम गुंडागर्दी बढ़ गई थी। डीएसपी कृष्णा चंद्राकर की निगरानी में साइबर थाना प्रभारी महेश प्रधान और कोतवाली प्रभारी योगेश कश्यप की संयुक्त टीम ने पहले चुपचाप निगरानी की। जैसे ही हुड़दंगियों का जमावड़ा लगा, पुलिस ने चारों तरफ से एक साथ धावा बोल दिया। सूचना मिलने के बाद घुघरी अटल आवास के पास जैसे ही पुलिस पहुंची, कुछ युवकों ने भागने की कोशिश की। लेकिन पहले से की गई घेराबंदी ने उनके मंसूबे बिगाड़ दिए। 7 युवक और 1 नाबालिग मौके से दबोच लिए गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि ये वही लड़के थे, जिनसे रोज डर लगता था। इसी ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने दूसरा बड़ा वार किया। घुघरी रोड अटल आवास क्षेत्र में चल रहे देह व्यापार के अड्डे पर अचानक छापा मारा गया। महिला पुलिस अधिकारियों और महिला आरक्षकों की मौजूदगी में की गई इस कार्रवाई में एक दलाल और 3 युवतियों को हिरासत में लिया गया। दलाल की पहचान गोलू पिता कलम लहरे (35) निवासी मिनीमाता चौक कवर्धा के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि इस गंदे धंधे से इलाके की सामाजिक शांति और छवि दोनों खराब हो रही थीं। घुघरी रोड और अटल आवास क्षेत्र में बदमाशों का खौफ बढ़ गया था। ये राह चलते लोगों को रोकते, गाली- गलौज और जबरन झगड़ा करते थे। महिलाओं पर फब्तियां कसी और धमकी देते थे। बदमाशों का खौफ ऐसा हो गया था कि ऑटो चालक इस रोड पर सवारी छोड़ने से मना करने लगे थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *