खंडवा में छात्रों को पढ़ाई, करियर और परीक्षा के तनाव से जुड़ी समस्याओं को समझाने और सही दिशा देने के लिए दैनिक भास्कर की ओर से ‘चौकसे की पाठशाला’ का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम किशोर कुमार सभागृह, सिविल लाइन में सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक चला। इसमें बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अभिभावक और शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता शिक्षाविद आनंद प्रकाश चौकसे ने छात्रों को पढ़ाई करने के आसान तरीके बताए। उन्होंने लक्ष्य तय करने, समय का सही उपयोग करने और आत्मविश्वास बनाए रखने पर जोर दिया। चौकसे ने कहा कि परीक्षा सिर्फ नंबर लाने का जरिया नहीं होती, बल्कि अपने भविष्य को समझने का मौका भी होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को असफलता से डरने के बजाय उससे सीख लेने और लगातार मेहनत करते रहने की सलाह दी। साथ ही अभिभावकों से कहा कि वे बच्चों पर बेवजह दबाव न बनाएं, बल्कि उनकी रुचि और क्षमता को समझकर उनका साथ दें। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने खुलकर सवाल पूछे, जिनका जवाब आनंद प्रकाश चौकसे ने आसान उदाहरणों के जरिए दिया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इसे बेहद उपयोगी और प्रेरणादायक बताया। लोगों का कहना था कि दैनिक भास्कर की यह पहल खंडवा के विद्यार्थियों के लिए बेहद फायदेमंद रही, जिससे छात्रों को नई सोच, आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली।


