दैनिक भास्कर की पहल पर डीसी ने लिया संज्ञान, गंभीर बीमारी से जूझ रही अंजली को मिला इलाज का रास्ता

भास्कर न्यूज|गुमला सदर प्रखंड के कुटमा गांव की गरीब किसान की बेटी अंजली कुमारी, जो पिछले 1 साल से जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही थी, अब उसे नई उम्मीद मिली है। दैनिक भास्कर में खबर प्रकाशित होने के बाद डीसी प्रेरणा दीक्षित ने मामले को गंभीरता से संज्ञान में लिया और तत्काल मदद के निर्देश दिए। डीसी के निर्देश पर एसडीओ राजीव नीरज और जिला स्वास्थ्य विभाग सक्रिय हुआ। स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और अंजली को एम्बुलेंस से सदर अस्पताल लाया गया। वहां प्राथमिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद डीसी के निर्देश पर अंजली को रांची के देवूका अस्पताल में बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया। अब देवूका अस्पताल में अंजली का आयुष्मान भारत योजना के तहत समुचित इलाज किया जाएगा। प्रशासनिक पहल के बाद अंजली के परिजनों के चेहरे पर लंबे समय बाद मुस्कान लौट आई है। परिजनों ने डीसी के प्रति आभार जताते हुए उम्मीद जताई कि अब उनकी बेटी जिंदगी की जंग जीत पाएगी और फिर से सामान्य लड़कियों की तरह चल-फिर सकेगी। उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने दैनिक भास्कर को बताया कि अंजली मसल्स नेक्रोसिस से पीड़ित है। इसका मतलब है कि बैक्टीरिया धीरे-धीरे उसकी मांसपेशियों को नष्ट कर रहा है। डॉक्टरों के अनुसार प्लास्टिक सर्जरी या पैर का अम्प्यूटेशन ही फिलहाल एकमात्र विकल्प है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह के अनुसार जो भी संभव होगा, उसका समुचित इलाज कराया जाएगा। रिम्स से भगाने का आरोप, इलाज में बिक गई जमीन। परिजनों ने बताया कि इससे पहले अंजली को रिम्स, रांची रेफर किया गया था, लेकिन वहां कथित रूप से डराकर और धमकाकर उन्हें अस्पताल से बाहर कर दिया गया। उस दौरान वे चार दिनों तक भूखे रहे। बेटी के इलाज के लिए 30 हजार रुपए में खेत तक बेच दिया गया और गांव के लोगों से 60 हजार रुपए कर्ज लेकर खर्च किया गया। अब परिवार कर्ज के बोझ तले दबा है और खाने तक के पैसे नहीं हैं। इस दर्दनाक स्थिति को सुनकर पंचायत की मुखिया वीणा देवी, दैनिक भास्कर के रिपोर्टर और अस्पताल में मौजूद कई लोगों ने परिजनों को आर्थिक मदद भी दी। इसके बाद अंजली को एम्बुलेंस से देवूका अस्पताल ले जाया गया। अब टिकी हैं निगाहें इलाज परएक समय सिस्टम की बेरुखी से टूट चुका यह परिवार अब प्रशासनिक सहयोग से उम्मीद की सांस ले रहा है। पूरे गांव की दुआएं अंजली के साथ हैं कि वह इस गंभीर बीमारी को मात देकर फिर से अपने पैरों पर खड़ी हो सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *