दैनिक भास्कर के चेयरमैन स्वर्गीय रमेशचंद्र अग्रवाल की जयंती ‘प्रेरणा दिवस’ पर विदिशा के मगधम स्कूल में एक मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 10 से शाम 5 बजे तक चले इस शिविर में शहर के 118 लोगों ने रक्तदान किया, जिससे कुल 118 यूनिट रक्त का संग्रह हुआ। इस शिविर में 40 महिला रक्तदाता, स्कूल के 25 शिक्षक-शिक्षिकाएं और कर्मचारी शामिल थे। इसके अतिरिक्त, 12 से अधिक दंपतियों ने एक साथ रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण प्रस्तुत किया। 58 रेयर ब्लड ग्रुप वाले रक्तदाताओं ने भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर तुरंत रक्त उपलब्ध कराने का संकल्प भी लिया। इस अवसर पर डीएफओ हेमंत यादव ने पहली बार रक्तदान कर दूसरों को प्रेरित किया। मगधम स्कूल के संचालक सोमिल पलोड ने भी रक्तदान किया। मप्र रक्तदाता सहायता समिति के प्रदेशाध्यक्ष उदयसिंह हजारी ने शिविर में 160वीं बार रक्तदान कर मिसाल कायम की। सभी रक्तदाताओं को आभार पत्र और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। शिविर में एसपी रोहित काशवानी ने मगधम स्कूल प्रबंधन और स्टाफ द्वारा किए गए रक्तदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सेवा का संदेश आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगा। डीएफओ हेमंत यादव ने रक्तदान के साथ पर्यावरण संरक्षण में समाज की सक्रियता को भी महत्वपूर्ण बताया। समाजसेवी अतुल शाह ने स्वर्गीय रमेशचंद्र अग्रवाल के समाजसेवी कार्यों को प्रेरणास्रोत बताया। रेलवे सलाहकार समिति सदस्य कमलेश सेन ने कहा कि एक यूनिट रक्त से तीन लोगों की जान बचाई जा सकती है। ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. राजेंद्र कुशवाह ने आश्वासन दिया कि विदिशा में रक्त की कमी किसी की जान का कारण नहीं बनने दी जाएगी। शिविर में 151 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया था, जिसमें से 118 यूनिट रक्त एकत्र हुआ। लायंस क्लब बेतवा अध्यक्ष सीमा शर्मा और उनके पति श्याम मोहन शर्मा, रितेश-स्मिता कपूर, वीरेंद्र-कल्पना पाल सहित कई दंपतियों ने एक साथ रक्तदान कर शिविर की शोभा बढ़ाई।


