भास्कर न्यूज | गुमला घाघरा थाना क्षेत्र के दोदांग के समीप शुक्रवार की शाम सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतकों की पहचान बिशुनपुर क्षेत्र निवासी छोटू उरांव (20) और अर्जुन उरांव (20) के रूप में की गई है। वहीं हादसे में घायल युवक की पहचान घाघरा प्रखंड के आदर पोकराटोली निवासी दीपक भगत (20) के रूप में हुई है, जिसका इलाज गुमला सदर अस्पताल में चल रहा है। एंबुलेंस से घायल को भेजा अस्पताल जानकारी के अनुसार तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर आदर की ओर से मसरिया डैम घूमने जा रहे थे। इसी दौरान दोदांग के समीप अचानक बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर गिर पड़े। दुर्घटना के बाद छोटू उरांव और अर्जुन उरांव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दीपक भगत गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पता रहा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद 108 एंबुलेंस से घायल दीपक भगत को गुमला सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जिले में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में 23 जनवरी तक कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई है। 15 जनवरी की सुबह गुमला-रांची नेशनल हाइवे (एनएच-23) पर भरनो थाना क्षेत्र के भड़गांव के पास एक तेज रफ्तार हाइवा ने पिकअप वैन को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई थी । 17 जनवरी को हुई दुर्घटना में हाई स्कूल शिक्षक की मौत हो गई थी।


