बैतूल बाजार थाना क्षेत्र में शनिवार रात चाकूबाजी की घटना सामने आई। जानी ढाबा बडोरा के सामने हुए विवाद में दो युवक घायल हो गए, जिनमें से एक को गंभीर हालत में भोपाल रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार, रात करीब 12 बजे कुछ युवक खाना खाने पहुंचे थे। उनके बीच मामूली कहासुनी हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। इसी दौरान आरोपी अर्जुन पांसे ने अपने साथी परविंदर पिता गुरु नाम सिंह (22) निवासी जयप्रकाश वार्ड पर चाकू से हमला कर दिया। मामूली कहासुनी से बढ़ा विवाद आरोपी ने परविंदर के पेट में दो बार वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। अपने दोस्त को बचाने आए आकाश पिता अरुण हल्दिया (21) निवासी सदर के हाथ में भी चाकू लग गया। घटना के बाद आरोपी अर्जुन पांसे अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। दोनों घायलों को उनके दोस्तों ने तुरंत जिला अस्पताल बैतूल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद परविंदर की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर कर दिया। आकाश का इलाज जिला अस्पताल में जारी था, लेकिन वह बिना बताए अस्पताल से चला गया। एक घायल भोपाल रेफर घटना की सूचना मिलते ही बैतूल बाजार थाने की पुलिस टीम अस्पताल पहुंची। पुलिस ने घायलों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी अंजना धुर्वे ने बताया कि आरोपी अर्जुन पांसे की तलाश में दो टीमें रवाना की गई हैं और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि झगड़े की कोई खास वजह नहीं है।फरियादी और आरोपी आपस में दोस्त हैं। खाना खाने के बाद वे ढाबे के सामने सिगरेट पी रहे थे। इसी बीच उनमें कहासुनी हो गई। जिसके बाद हुई चाकूबाजी में यह वारदात सामने आई।


