भास्कर न्यूज | लोहरदगा नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा अवैध शराब के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुप्त सूचना के आधार पर सदर थाना क्षेत्र के चंदकोपा गांव में छापेमारी अभियान चलाया गया। इस दौरान गांव निवासी लखन प्रसाद साहू की दो किराना दुकानों की सघन तलाशी ली गई, जहां से कुल 25 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से सभी शराब की बोतलों को जब्त कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में इलेक्शन सेल में पदस्थापित एसआई वारिश हुसैन, सदर थाना के एसआई रमेश कुमार सिंह सहित सदर थाना के सशस्त्र जवान शामिल थे। सदर थाना प्रभारी रत्नेश मोहन ठाकुर ने शुक्रवार शाम 7:30 बजे जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव को प्रभावित करने वाली किसी भी अवैध गतिविधि को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगे भी इस तरह की छापेमारी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। प्रशासन की ओर से स्पष्ट संकेत दिया गया है कि चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। तीन महीने में 20 गैलन शराब की जा चुकी है नष्ट जिलेभर में बीते तीन माह में 20 गैलन से अधिक अवैध शराब नष्ट किए जा चुके हैं। ग्रामीण क्षेत्र से गैलन में महुआ और शहरी क्षेत्र में 10 लाख से अधिक का अंग्रेजी अवैध शराब बरामद किया गया है। जिसे न्यायालय को सौंपा जा चुका हैं। इसके अलावा भी चुनाव को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है।


