रांची स्टेशन पर ट्रेन नंबर 12817 स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर दोपहर लगभग 2:45 बजे पहुंची थी। तब आरपीएफ पोस्ट रांची और एएचटीयू टीम के अधिकारियों व कर्मचारियों ने रूटीन जांच की। टीम ने ट्रेन के जनरल डिब्बे से एक संदिग्ध व्यक्ति को दो नाबालिग लड़कियों के साथ देखा। पूछताछ के दौरान व्यक्ति और दोनों लड़कियां संतोषजनक उत्तर नहीं दे सकीं। इसके बाद उन्हें ट्रेन से उतार कर आगे की जांच के लिए हिरासत में लिया गया। संदिग्ध व्यक्ति की पहचान संजय नायक (48 वर्ष) के रूप में हुई। उसने खुद को खूंटी का निवासी बताया। वहीं, नाबालिग लड़कियां चांडिल की रहने वाली हैं। जांच के दौरान यह पता चला कि संजय नायक ने ट्रेन नंबर 12817 से सामान्य टिकट खरीदी थी और इन लड़कियों को दिल्ली ले जाने की योजना बना रहा था। संजय ने बताया कि यह काम उसे एक व्यक्ति गांसू नायक के निर्देश पर करना था। उसे लड़कियों को ले जाकर आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर किसी अन्य व्यक्ति को सौंपना था। संदिग्ध व्यक्ति और नाबालिग लड़कियों को आरपीएफ पोस्ट रांची लाया गया। मामले को आगे की कार्रवाई के लिए एएचटीयू/कोतवाली को सौंप दिया गया। संजय नायक के खिलाफ धारा 143 बीएनएस और 75/ 81 जेजे एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों नाबालिग लड़कियों को प्रेमाश्रय, रांची को सौंप दिया गया।


