बीजापुर | गुरूवार को भैरमगढ़ क्षेत्र से निमोनिया से पीड़ित दो बच्चों को रेड्डी ग्राम पंचायत के पेद्दाजोजेर से रेस्क्यू किया गया। गुरूवार को भैरमगढ़ तहसीलदार को एक ही परिवार के दो बच्चों को निमोनिया की शिकायत की सूचना मिली। बच्चों के माता-पिता उन्हें बेहतर इलाज के लिए बीजापुर लाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन मिंगाचल व इंद्रावती नदी के उफान पर आने के कारण वे नदी पार नहीं कर पाए। ऐसे में तहसीलदार ने नगरसेना की रेस्क्यू टीम को मौके के लिए भेजा, जहां से मोटरबोट की मदद से नदी पार कर उन्होंने बीमार बच्चों व परिवार का रेस्क्यू किया और उन्हें अस्पताल तक पहुंचाया।


