भास्कर न्यूज |चाईबासा टोंटो थाना क्षेत्र अंतर्गत हड़िरा गांव के पास शुक्रवार की शाम अनियंत्रित तेज रफ्तार दो बाइक के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में सुईयांम्बा निवासी 49 वर्षीय अजय सिंह तामसोय की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि इस घटना में दूसरे बाइक पर सवार दो युवक भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। घायल युवकों में माटागुटू निवासी मानिक खंडाइत और केलेंडे निवासी शिवचरण सावैयां शामिल है। वहीं पुलिस ने मृतक के लाश को अपने कब्जे में करने के बाद चाईबासा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के संबंध में बताया गया कि मृतक अजय शुक्रवार शाम को अपने बाइक पर चाईबासा से अपने गांव सुईयाम्बा मुंडा साई लौट रहा है। जब अजय हड़िला गांव के पास पहुंचा तो सामने से आ रही अनियंत्रित तेज रफ्तार बाइक के साथ उसकी बाइक की भिड़ंत हुई। घटना इतनी जबरदस्त थी कि अजय के माथे पर गहरा जख्म हो गया, जिस कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई। दूसरे बाइक पर सवार शिवचरण सावैयां और माणिक खंडाइत भी बुरी तरह घायल हो गए। घटना के बाद दोनों घायलों को पीछे से बाइक पर आ रहे उनके दोस्तों ने बाइक पर बैठा कर इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया। जबकि अजय को चार-पांच घंटे के बाद रात्रि के 10:00 बजे उनके जान पहचान के लोगों ने सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां पर चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के संबंध में बताया गया कि माटागुटू के चार युवक दो बाइक पर जुगीदारू गांव से शाम को तेज रफ्तार में माटागुटू लौट रहे थे।


