भास्कर न्यूज| चाईबासा पद्मावती जैन सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, चाईबासा में उत्साहपूर्वक अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। इसका उद्घाटन विद्यालय के अध्यक्ष रामध्यान मिश्र, सचिव तुलसी प्रसाद ठाकुर, सदस्य अनंत लाल विश्वकर्मा, सुजीत विश्वकर्मा एवं प्रधानाचार्य रामाकांत राणा ने संयुक्त रूप से भारत माता व महर्षि पतंजलि के चित्र पर दीप प्रज्वलन व पुष्प अर्पित कर किया। मौके पर प्रधानाचार्य ने अतिथियों का परिचय कराया। इसके उपरांत उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी और कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का निवास रहता है। योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करें। आज यह चिकित्सा पद्धति का रूप ले लिया है। विद्यालय के अध्यक्ष ने कहा कि योग कहीं बाहर से नहीं आया, बल्कि हमारा दैनिक कार्य ही एक प्रकार का योग है। योग को पुनर्जीवित करने का कार्य बाबा रामदेव ने किया। उन्होंने योग के जरिए कई असाध्य रोगों का उपचार बताए। जिसके चलते योग पहले तो प्रसिद्ध था ही और अधिक प्रसिद्ध हो गया। विद्यालय के योग गुरु संजय कुमार ने प्रांत के प्रोटोकॉल के आधार पर भैया-बहन, आचार्य बंधु-भगिनी एवं समिति के सदस्यों को विभिन्न प्रकार के योगाभ्यास कराया। वहीं आसनों में वज्रासन, उष्टासन, मंडूकासन तथा प्राणायाम में भस्त्रिका प्राणायाम, कपालभाति, अनुलोम-विलोम एवं भ्रामरी प्राणायाम का अभ्यास हुआ। इसके बाद योग गुरु ने समस्त लोगों को योग संकल्प कराया और समापन मंत्र के उपरांत यह कार्यक्रम उत्साह पूर्वक संपन्न हुआ।


