डीग जिले के कामां थाना क्षेत्र में गांव सबलाना और मोरोली के बीच दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में 13 वर्षीय एक बालक की मौत हो गई, जबकि दोनों बाइकों पर सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को कामां अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने गांव सबलाना निवासी अरमान खान (13) को मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार कामां थाना क्षेत्र के गांव सबलाना निवासी तौहीद खान के तीन पुत्र अरमान खान, अयान खान और कैफ खान एक बाइक पर सवार होकर अपने गांव सबलाना से मोरोली गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे गांव चुल्हैरा निवासी मुबीन खान की बाइक से उनकी टक्कर हो गई। हादसे में एक बाइक पर सवार गांव चुल्हैरा निवासी मुबीन खान (13) और दूसरी बाइक पर सवार अयान खान (11) व कैफ खान (9) घायल हो गए। बाइक चला रहे अरमान खान की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक अरमान खान के पिता ट्रक ड्राइवर हैं और इस समय गांव में मौजूद नहीं हैं। वहीं, हादसे में घायल हुए गांव चुल्हैरा निवासी मुबीन खान भी ट्रक ड्राइवर हैं। वह अपने गांव से कंपनी में ट्रक चलाने के लिए जा रहे थे, तभी यह दुर्घटना हो गई।


