जालंधर | थाना रामामंडी की पुलिस ने दो ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 30 ग्राम हेरोइन और एक बाइक बरामद की गई है। थाना प्रमुख जसपाल सिंह ने बताया कि उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक बाइक पर सवार होकर सूर्या एनक्लेव इलाके में हेरोइन की सप्लाई देने आने वाले हैं। सब इंस्पेक्टर अवतार सिंह की टीम ने इलाके में नाकाबंदी कर दी। इसी दौरान जब पुलिस ने संदिग्ध बाइक को रुकने का इशारा किया, तो उन्होंने बाइक मोड़ने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ने के कारण वे सड़क पर ही गिर गए। पुलिस ने तुरंत दोनों को काबू किया, जिनकी पहचान करण उर्फ कन्नू निवासी बशीरपुरा और गुरजीत सिंह उर्फ हन्ना निवासी कोट बाबा दीप सिंह नगर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से 30 ग्राम हेरोइन मिली। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड लिया जाएगा, ताकि उनके पूरे ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।


