पुलिस थाना सांगानेर सदर, मुहाना एवं डीएसटी साउथ की संयुक्त कार्रवाई में ज्वैलरी जोन सीतापुरा स्थित एक ज्वैलरी फैक्ट्री और थाना मुहाना क्षेत्र में हुई घर की नकबजनी की वारदातों का खुलासा किया गया है। दोनों मामलों में कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें शातिर नकबजन, माल खरीददार और दो विधि से संघर्षरत नाबालिग शामिल हैं। डीसीपी साउथ राजर्षि राज वर्मा, (आईपीएस) ने बताया कि जिला जयपुर दक्षिण में चोरी व नकबजनी की घटनाओं की रोकथाम के लिए समस्त एसीपी व थानाधिकारियों को सघन गश्त, आसूचना संकलन एवं तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग के निर्देश दिए गए थे। डीएसटी साउथ को भी विशेष रूप से ऐसे अपराधों के खुलासे के लिए लगाया गया था। ज्वैलरी फैक्ट्री में तिजोरी तोड़कर सोना, चांदी, स्टोन और हीरे किए थे चोरी दिनांक 06 दिसंबर को अरनव ज्वैलरी, ज्वैलरी जोन सीतापुरा में हुई बड़ी नकबजनी के संबंध में पुलिस थाना सांगानेर सदर में प्रकरण दर्ज किया गया था। चोरों ने फैक्ट्री की तिजोरी तोड़कर करीब 300 ग्राम सोना, 3 किलो चांदी, प्रीसीयस और सेमी प्रीसीयस स्टोन और हीरे चोरी कर लिए थे। घटनास्थल व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच, तकनीकी विश्लेषण तथा मुखबिर तंत्र के आधार पर चार शातिर नकबजनों को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में चोरी का माल खरीदने वाले चार अन्य आरोपियों को भी दबोचा गया। इस मामले में पुलिस ने डेढ़ किलो चांदी, 35 ग्राम सोना, डायमण्ड के पीस, स्टोन, चांदी की ग्रेन व डस्ट, सोने की डस्ट और 2 लाख 42 हजार रुपए नकद सहित करीब 10 लाख रुपए मूल्य का माल बरामद किया है। आरोपियों से अन्य वारदातों के खुलासे की भी संभावना जताई जा रही है। थाना मुहाना क्षेत्र में घर की नकबजनी का खुलासा दूसरी बड़ी कार्रवाई में पुलिस थाना मुहाना क्षेत्र में घर में हुई नकबजनी की वारदात का खुलासा किया गया। परिवादी द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर दर्ज प्रकरण की जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी डाटा एनालिसिस एवं मुखबिर सूचना के आधार पर दो विधि से संघर्षरत नाबालिगों को निरुद्ध किया गया और एक शातिर नकबजन पिन्टू बैरवा को गिरफ्तार किया गया। चोरी की नकदी से खरीदी मोटरसाइकिल बरामद आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और चोरी की नकदी से खरीदी गई करीब एक लाख रुपए मूल्य की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। इस मामले में भी अन्य वारदातों के खुलासे की संभावना को देखते हुए आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है। पुलिस की सतर्कता से मिली बड़ी सफलता दोनों मामलों में पुलिस की टीमों ने तकनीकी शाखा, डीएसटी और स्थानीय थाना स्तर पर समन्वित कार्रवाई करते हुए नकबजनी की वारदातों का खुलासा किया। अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार सीएसटी (क्राइम ब्रांच) पुलिस आयुक्तालय जयपुर ने ऑपरेशन ‘आग’ के तहत पुलिस थाना बस्सी के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध हथियार रखने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी राहुल कुमार मीणा (21) निवासी गोकुलपुरा, थाना बस्सी के कब्जे से एक देशी पिस्टल व दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। इस संबंध में थाना बस्सी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पूछताछ में आरोपी ने हथियार जयपुर में दिनेश नामक व्यक्ति से लेना बताया है, जिस पर अनुसंधान जारी है।


