भास्कर न्यूज | कोंडागांव शहर के सबसे व्यस्ततम सड़क पर पिछले दो सालों से एक बिजली का पोल लगाने के लिए बनाया गया कांक्रीट का बेस पड़ा हुआ है। जिस सड़क पर यह बेस सड़क के बीचोंबीच पड़ा हुआ है वह कलेक्टोरेट रोड रायपुर नाका चौराहा वाली सड़क है। इस सड़क पर बीचोंबीच स्ट्रीट लाइट के लिए पोल लगाया था। कुछ समय पहले यह पोल ट्रक की ठोकर से टूट गया। इसके बाद कांक्रीट का बेस सड़क के बीचोंबीच पड़ा हुआ है। लोग हादसे का शिकार न हों इसके लिए एक प्लास्टिक का बैरिकेट कांक्रीट के सामने लगा दिया गया है। इस सड़क से रोजाना बड़े प्रशासनिक अफसर, जनप्रतिनिधि सहित वे सभी जिम्मेदार आना-जाना करते हैं जो चाहें तो उनके सिर्फ एक निर्देश पर ही कांक्रीट का ढांचा सड़क से हट सकता है लेकिन किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया है। जिस स्थान पर कांक्रीट का ढांचा पड़ा है उस ढांचे से टकराकर सड़क हादसे हो रहे हैं। हादसे रोकने के लिए ढांचे को सड़क से हटाने के बजाय यहां एक बैरिकेड्स लगा दिया गया है। यह ढांचा सड़क से क्यों नहीं हट रहा है यह पूछने वाला भी कोई नहीं है। प्रशासनिक अफसरों की नजरअंदाजी का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। -राजेंद्र कुमार, कोंडागांव


