दो साल से फरार डकैती का आरोपी गिरफ्तार:लोहावट पुलिस ने जोधपुर से पकड़ा, कोर्ट ने रिमांड पर भेजा

लोहावट पुलिस ने डकैती के एक मामले में पिछले दो साल से फरार चल रहे एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रावलसिंह निवासी गोपालनगर, नाथडाउ, थाना चामू, जिला जोधपुर के रूप में हुई है। एसपी कुंदन कंवरिया ने बताया कि यह मामला 31 दिसंबर 2023 को नैनो ग्रीन पावर प्राइवेट लिमिटेड के मैनेजर सीवी रमण द्वारा दर्ज कराया गया था। शिकायत के अनुसार, आधी रात करीब ढाई बजे मेजर शैतानसिंह नगर स्थित निर्माणाधीन पावर प्लांट में 10 से 12 अज्ञात युवक तीन गाड़ियों (दो पिकअप और एक कैम्पर) में जबरन घुस आए थे। आरोपियों ने प्लांट के गार्ड के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। उन्होंने ट्रांसफार्मर ऑयल के 220 लीटर के आठ ड्रम अपनी गाड़ियों में रखे और भागने लगे। इस दौरान गार्ड गोवर्धन उनका पीछा करते हुए चोटिल हो गया। अन्य गार्डों के सामने आने पर आरोपियों ने तेज रफ्तार गाड़ी से उन्हें टक्कर मारने का प्रयास भी किया। इसके बाद लोहावट पुलिस थाने में डकैती का प्रकरण दर्ज किया गया था। पुलिस टीम ने इस मामले में पहले भी कार्रवाई करते हुए अभयसिंह, जितेन्द्रसिंह, राकेश उर्फ लोरेंन्स, राकेश माली और राजुराम सांकला नामक आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए तेल के ड्रम बरामद किए गए थे और वारदात में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन भी जब्त किया गया था। गिरफ्तार आरोपी रावलसिंह घटना के बाद से ही करीब दो साल से फरार चल रहा था। पुलिस टीम लगातार उसकी तलाश कर रही थी। अब उसे न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया जाएगा, जिसके बाद मामले में आगे की जांच की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *