जैसलमेर में डेजर्ट फेस्टिवल में कैमल टैटू शो और एयरफोर्स वॉरियर ड्रिल का आयोजन किया गया। इस दौरान दौड़ते ऊंटों पर योग करना और राइफल से निशाना लगाने की कला का प्रदर्शन भी किया गया। वहीं खिलाड़ियों ने 25 मिनट ऊंट पर बैठ कर फुटबॉल से पोलो खेला तो देखने वालीं ने दांतों तले उंगली दबा ली। इसमें BSF की टीम ने 3-1 से कैमल पोलो एसोसिएशन की टीम को हराया। देसी-विदेशी महिलाओं की रस्साकशी का खेल भी रोचक रहा। इसमें देसी महिलाओं ने विदेशी युवतियों को 2 बार हराया। इवेंट में ऊंट श्रृंगार प्रतियोगिता भी हुई। जिसमें ऊंट मालिकों ने जल्दी से जल्दी अपने ऊंट को सजाने की कला दिखाई। इस प्रतियोगिता को शान ए मरुधरा नाम दिया गया है। इसमें 100 मीटर की दूरी के अंतराल में ऊंट सवार को कपड़े पहनकर ऊंट को तैयार कर उसकी सवारी करनी होती है। ऐसे में महज तीन मिनट में रमेशाराम ने ऊंट के साथ अपने आप को तैयार कर पहला स्थान प्राप्त किया। इसी के साथ एयरफोर्स वॉरियर ड्रिल में एयरफोर्स के जवानों ने अपनी बंदूक को हवा में घुमाकर ड्रिल का प्रदर्शन किया। फोटो में देखिए डेजर्ट फेस्टिवल की तस्वीरें… आज के इवेंट्स: कैमल टैटू शो: ऊंटों पर सवार बीएसएफ जवानों के हैरतअंगेज करतब।
प्रतियोगिताएं: ऊंट श्रृंगार, ‘शान-ए-मरुधरा’ का चयन और रस्सा-कस्सी।
कैमल पोलो: रेत पर पोलो मैच का रोमांचक मुकाबला।
देसी खेल: मटका दौड़ और जिम्नास्टिक शो में ग्रामीण प्रतिभा का प्रदर्शन। सम के धोरों पर बिखरेगी बॉलीवुड की चमक शाम का सत्र सम-लखमणा के रेतीले धोरों के नाम रहेगा। पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक कमलेश्वर सिंह ने बताया कि शाम 5:00 बजे रेगिस्तान के बीच ऊंटों की दौड़ (कैमल रेस) आयोजित की जाएगी। सूरज ढलने के साथ ही लोक कलाकारों की गूंज सुनाई देगी। सेलिब्रिटी नाइट का आकर्षण रात 8:00 बजे से बॉलीवुड के मशहूर प्लेबैक सिंगर राज बर्मन अपनी लाइव परफॉर्मेंस देंगे। लहरदार धोरों के बीच यह सुरमई शाम सैलानियों और स्थानीय लोगों के लिए इस उत्सव का सबसे यादगार पल साबित होगी।


