दौड़ के मैदान में दिखेगा अनुभव का जोश, ओपन एथलेटिक्स प्रतियोगिता 6 व 7 को

भास्कर न्यूज | अलवर युवरानी एथलेटिक समिति की ओर से 6 व 7 फरवरी को आरआर कॉलेज में आयोजित होने वाली ओपन एथलेटिक्स प्रतियोगिता में देशभर के बुजुर्ग एथलीटों का जमावड़ा होगा। हालांकि इस प्रतियोगिता में बच्चों से लेकर वेटरन एथलीट तक भाग लेंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 300 से अधिक प्रतियोगियों ने पंजीकरण कराया है और पंजीकरण का सिलसिला अभी जारी है। प्रतियोगिता के लिए देश के कई राज्यों से प्रविष्टियां प्राप्त हुई हैं, जबकि अन्य राज्यों से भी एथलीटों के आने की संभावना है। प्रतियोगिता में वेटरन एथलीटों के अनुभव को जोश भी दिखाई देगा। प्रतियोगिता में एथलेटिक बच्चों ने भी पंजीकरण कराया है। विभिन्न दौड़ों में वेटरन एथलीटों को दौड़ते हुए देखना शहर के युवा एथलीटों के लिए विशेष आकर्षण होता है। वे बुजुर्ग एथलीटों के अनुभवों को साझा करते हैं, जिससे उनकी दौड़ की तकनीक में सुधार होता है। इनमें कई बुजुर्ग ऐसे हैं जो खेलों में अपना समय इसलिए देते हैं ताकि वे जीवनभर पूरी तरह स्वस्थ रह सकें। ऐसे में उन्हें मैदान पर दौड़ते हुए देखना अपने आप में प्रेरणादायी होता है। समिति की अध्यक्ष जीत कौर सांगवान ने बताया कि पहले इस प्रतियोगिता का आयोजन जून माह में किया जाता था। उस समय गर्मी का मौसम होने के कारण एथलेटिक्स के मानकों के अनुसार तापमान अनुकूल नहीं होता था। इसके बाद वर्ष 2016 से प्रतियोगिता का आयोजन फरवरी माह में किया जाने लगा। इस समय मौसम खेलों के अनुकूल होने के कारण एथलीट बड़ी संख्या में भाग लेते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *