भास्कर संवाददाता | खरगोन विश्व दिव्यांग दिवस पर बुधवार को उत्कृष्ट विद्यालय परिसर में दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। शुभारंभ जिपं उपाध्यक्ष बापू सिंह परिहार, नपा उपाध्यक्ष भोलू कर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अदम्य साहस और प्रतिभा का प्रदर्शन किया। 100 मीटर बालक रेस में श्रवण बाधित कक्षा 11-12 वीं में सुनील राजाराम और कक्षा 9-10 में अंकित जगदीश, जबकि बालिका रेस में फिरा जमरे विजेता रही। मानसिक दिव्यांग श्रेणी में 50 मीटर रेस में रोहित भंगा और निशा महादेव विजेता रही। श्रवण बाधित 50 और 25 मीटर रेस में गोविंद मदन, आंचल मुकेश, कृष्णा शिवराम और नंदिनी सुभाष ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दृष्टिबाधित श्रेणी में कार्तिक राजकुमार और हिना लोकेश विजेता रही। गोला और भाला फेंक में बालक वर्ग में गोविंद मदन, रिंकेश सिंह और अंकित चौहान, बालिका वर्ग में कंचन और सुनील सोलंकी ने जीत हासिल की। इसके अलावा गायन और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में भी विद्यार्थियों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। समापन पर विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने विजेताओं को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया। विभागीय अफसर व शिक्षक मौजूद थे।


