बीकानेर में महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में युद्धाभ्यास के दौरान दौसा जिले के रहने वाले हवलदार जितेंद्र सिंह (38) की मौत हो गई। हवलदार जितेंद्र महवा उपखण्ड क्षेत्र के गाजीपुर गांव का रहने वाला था और परिवार के साथ सूरतगढ में रह रहा था। महाजन फील्ड फायरिंग रेंज के नॉर्थ कैंप में प्रैक्टिस के दौरान ब्लास्ट होने से जितेंद्र समेत 2 जवानों की मौत हुई है। एक अन्य जवान भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में 4 दिन में यह दूसरा हादसा है। सेना के प्रवक्ता अमिताभ शर्मा ने बताया- हादसा फायरिंग रेंज के चार्ली सेंटर पर हुआ, जहां सैन्य अभ्यास चल रहा था। सुबह तोप से फायर करते वक्त अचानक ब्लास्ट हुआ। इस दौरान हेड कॉन्स्टेबल आशुतोष मिश्रा निवासी देवरिया यूपी, गनर जितेंद्र सिंह निवासी दौसा और एक अन्य जवान इसकी चपेट में आ गए थे। हेड कॉन्स्टेबल आशुतोष मिश्रा और गनर जितेंद्र सिंह की मौत हो गई, जबकि घायल का मिलिट्री अस्पताल में इलाज चल रहा है। सूरतगढ़ में रहता था जितेंद्र
प्रारम्भिक जानकारी के अनुसार- हवलदार जितेंद्र सिंह मूलत: गाजीपुर गांव का रहने वाला है। जो सेना की राजपूत रेजिमेंट में सूरतगढ़ में तैनात था। वह पत्नी व बच्चों के साथ सूरतगढ में ही रह रहा था। उसके पिता व अन्य परिजन पैतृक गांव गाजीपुर में रहते हैं। जितेंद्र की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक छा गया। गुरुवार को पार्थिव देह पहुंचने पर अंतिम संस्कार किया जाएगा।


