दौसा की कोतवाली थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान चोरी की बाइक के साथ एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों की रोकथाम व कड़ी कार्रवाई के लिए स्पेशल टीम द्वारा चोरों की निगरानी की जा रही थी। इस दौरान सूचना मिली कि एक युवक बाइक पर घूम रहा है, जो चोरी की हो सकती है। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर लवाण थाना क्षेत्र के कंवरपुरा निवासी शंकर लाल मीणा को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। जांच में सामने आया कि आरोपी ने 3 जनवरी को गुप्तेश्वर रोड पर संचालित ई-मित्र की दुकान के सामने से बाइक चोरी की थी। इस सम्बंध में ई-मित्र संचालक अशोक बैरवा निवासी जौपाडा थाना सदर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी दुकान से बाइक चोरी हो गई। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। आरोपी से गहन पूछताछ करने पर सामने आया कि उसने कोतवाली थाना क्षेत्र से दो बाइक और जयपुर के ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र से एक बाइक चोरी की थी। उसकी इत्तला पर तीन बाइक जप्त की हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी शंकरलाल मीणा शातिर चोर है और ड्रग्स का नशा करने का आदी है। जिसको नशे के लिए पैसों की जरूरत पड़ने पर वह भीडभाड वाले जगहों पर मौका देखकर बाइक चोरी की वारदातों का अंजाम देता था। आरोपी को गिरफ्तार करने में कोतवाली थाने के एएसआई मिश्रीलाल, हैड कांस्टेबल बाबूलाल, केशव चंद, कांस्टेबल मीठालाल, कुम्हेर सिंह, रेवडमल व हाकिम सिंह की टीम को सफलता मिली।


