हर्ष पर्वत पर कोहरे के समुद्र सा नजारा:अभी 4-5 दिन पारे में गिरावट होगी,10 जनवरी से मावठ के आसार

प्रदेश में जारी कोहरे के अलर्ट के बीच आज सुबह सीकर में घना कोहरा छाया हुआ है। इस कोहरे के चलते जहां कई इलाकों में विजिबिलिटी 50 मीटर तक रह गई। तो वहीं सीकर के हर्ष पर्वत पर कोहरे के समुद्र सा नजारा देखने को मिला। 3100 फीट की ऊंचाई वाले हर्ष पर्वत के चारों ओर कोहरा इस कदर छाया रहा कि मानो कोई कोहरे का समुद्र हो। पहाड़ी के नीचे स्थित हर्ष गांव को कोहरे ने इस कदर अपनी जद में लिया हुआ था कि पहाड़ी से गांव नजर ही नहीं आ रहा। पहाड़ी पर स्थित भैरवनाथ मंदिर के पुजारी विजय पाराशर ने बताया कि कोहरा छाने के दौरान कई बार ऐसा नजारा देखने को मिलता है। हालांकि इस सीजन में आज सबसे ज्यादा कोहरा है। वही बात करें सीकर में आज तापमान की तो सीकर कृषि अनुसंधान केंद्र फतेहपुर पर न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि इससे पहले सीकर में रविवार को न्यूनतम तापमान 8.3 और अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री दर्ज किया गया था। पिछले करीब चार-पांच दिनों में जिले में हल्का कोहरा छाया रहता था। दोपहर में धूप में तेजी के चलते लोगों को सर्दी से भी राहत मिलती थी। लेकिन अब चार से पांच दिन एक बार फिर लोगों को कड़ाके की सर्दी का एहसास होगा। क्योंकि शीतलहर एक्टिव रहने से जिले में सर्दी का असर बढ़ेगा। ऐसे में तापमान में भी गिरावट होने के आसार हैं। जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक फिलहाल सीकर जिले में कल भी घना कोहरा छाने का येलो अलर्ट है। प्रदेश में अगले 4 से 5 दिन मौसम ड्राई रहने के साथ ही न्यूनतम और अधिकतम तापमान में चार डिग्री तक गिरावट होने की संभावना है। इसके बाद 10 से 12 जनवरी के बीच एक मजबूत वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने के चलते जयपुर संभाग सहित प्रदेश के कई इलाकों में बादल छाने के साथ मावठ/बारिश होने की संभावना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *