दौसा जिले में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है और पिछले दिनों में हुई बारिश के बाद सर्दी बढ़ गई है। हालांकि दो दिन से मौसम साफ होने से दिन में धूप निकली रही है। जिससे मामूली राहत भी मिली है, लेकिन सुबह के वक्त कोहरे का असर बना हुआ है। यहां शुक्रवार सुबह कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन खासा प्रभावित रहा। विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम होने के कारण लोगों की आवाजाही बेहद कम देखी गई। वहीं कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम होने से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे, मनोहरपुर-कौथून हाईवे, अलवर-गंगापुर मेगा हाईवे और राजगढ़-हिंडौन मेगा हाईवे समेत अन्य प्रमुख सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई है। वाहनों को फॉग लाइट जलाकर धीमी स्पीड़ में गुजरना पड़ा। जिसके चलते यातायात बेहद प्रभावित हुआ। हालांकि मौसम साफ होने से साढ़े 8 बजे बाद कोहरे का असर भी कम हो गया। मौसम की बात करें तो शुक्रवार को जिले का न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा, साथ ही अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। जबकि गुरुवार को न्यूनतम तापमान स्थिर रहा और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा था। अनुमान है कि आगामी दो-तीन दिन न्यूनतम-अधिकतम तापमान स्थिर बना रहेगा। वहीं आगामी सप्ताह में तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है, जिससे सर्दी का असर और तेज होगा।


