दौसा रेलवे जंक्शन के पूर्वी हिस्से में स्थित कॉलोनियों के लोगों के लिए रास्ते की समस्या गंभीर होती जा रही है। रेलवे की ओर से बनाई गई सुरक्षा दीवार के कारण कई कॉलोनियों का सीधा संपर्क टूट गया है। इससे परेशान लोगों ने गुरुवार को ओवरब्रिज और अंडरपास की मांग को लेकर एडीएम अरविंद शर्मा को ज्ञापन सौंपा। इन कॉलोनियों का रास्ता हुआ बंद रेलवे की सुरक्षा दीवार बनने के बाद वार्ड नंबर 53 और 54 की प्रेमनगर, लक्ष्मी नगर, जनता कॉलोनी, सिर्रा ढाणी, फौजियों की ढाणी सहित आसपास की कॉलोनियों के रास्ते पूरी तरह बंद हो गए हैं। अब लोगों को बाजार जाने के लिए रेलवे जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर दो से होकर आना-जाना करना पड़ रहा है। पैदल 200 मीटर, वाहन से 3 किलोमीटर चक्कर स्थानीय लोगों का कहना है कि पैदल बाजार जाने के लिए करीब 200 मीटर रेलवे परिसर से गुजरना पड़ता है। वहीं वाहन चालकों को लगभग 3 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना मजबूरी बन गया है। इससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी हो रही है। हादसे का बना रहता है खतरा रेलवे लाइन पार करते समय महिलाओं, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों के साथ हादसे की आशंका बनी रहती है। लोगों का कहना है कि किसी बड़े हादसे से पहले प्रशासन को इस समस्या का समाधान करना चाहिए। अंडरपास और फुट ओवरब्रिज की मांग कॉलोनीवासियों ने मांग की है कि मोटापान वाले की दुकान के पास से रेलवे लाइन के नीचे प्रेमनगर अंडरपास बनाया जाए। साथ ही राहगीरों की सुरक्षा के लिए फुट ओवरब्रिज का निर्माण भी जरूरी है। रेल मंत्री को पत्र भेजने की मांग लोगों का कहना है कि जिला प्रशासन को इस गंभीर समस्या को लेकर रेल मंत्री को पत्र भेजना चाहिए, ताकि जल्द समाधान हो सके। ये रहे मौजूद ज्ञापन सौंपने के दौरान राकेश खन्ना, भरत राज, जंसीराम, राजपाल, जगदीश, नारायण, लालाराम, मुकेश, हंसराम, अनिता, मूलीदेवी, केलादेवी, सरोज सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।


