दौसा में कडाके की ठंड का दौर:न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस पहुंचने से ठिठुरन बढी, आगामी दिनों में बना रहेगा सर्दी का असर

दौसा जिले में ठंड का असर बढता जा रहा है। यहां सोमवार सुबह मौसम पूरी तरह साफ रहा, लेकिन सर्द हवाओं से ठिठुरन बनी रही। हालांकि हल्की धुंध छाने से हाईवे पर यातायात संचालन प्रभावित रहा। ठंड के कारण लोग देर सुबह घरों में दुबके रहे तो वहीं ग्रामीण अंचल में सर्दी से बचाव के लिए लोग अलाव का सहारा लेते देखे गए। पशुओं को भी ठंड से बचाने के लिए बंद परिसरों में रखा जा रहा है। जबकि फसलों को पाले से बचाने के लिए भी किसान जतन करते देखे जा रहे हैं। इसे लेकर कृषि व पशुपालन विभाग ने अलग-अलग एडवाइजारी भी जारी की थी। सर्द हवाओं के चलते तापमान में गिरावट का दौर भी जारी है। सोमवार को जिले का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। पिछले 3 दिनों में तापमान में 9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने से ठंड का दौर बदस्तूर जारी है। आगामी दो-तीन दिन तक न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास स्थिर बने रहने का अनुसान है। ऐसे में ठंड का असर भी जारी रहेगा और नए साल की शुरूआत भी कडाके की ठंड के बीच ही होगी। कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने भी जिले के लोगों से अपील करते हुए कहा- सावधानी रखें और जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलें। मौसम की जानकारी के लिए सचेत ऐप को डाउनलोड करें ताकि मौसम की सभी गतिविधियों की जानकारियां मिलती रहे। वहीं नगर निकायों को भी रैन बसेरे की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के सख्त निर्देश दिए गए हैं ताकि वहां रुकने वाले लोग सर्दी से परेशान नहीं हों। जिले के स्वास्थ्य महकमे द्वारा भी अपील जारी की गई है कि सर्दी में पूरे शरीर को गर्म कपड़ों से ढककर रखें। गर्म तरल पेय पदार्थ का सेवन करें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *