दौसा में बाइक और टेम्पों की टक्कर में एक चार साल के बच्चे की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य घायल हो गए। घटनाक्रम बुधवार शाम को मनोहरपुर-दौसा नेशनल हाईवे पर हरिपुरा गांव के पास हुआ। मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची एम्बुलेंस ने घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल के ट्रोमा सेंटर में भर्ती कराया। सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने बताया कि लालसोट क्षेत्र के पालूंदा निवासी पप्पू बैरवा, उसकी पत्नी प्रियंका और बेटा आईस बाइक से दौसा की ओर जा रहे थे। इस दौरान हरिपुरा गांव के पास बाइक की टेम्पों से टक्कर हो गई। हादसे में बाइक और टेम्पों सवार बच्चे समेत 6 लोग घायल हो गए। इलाज के दौरान आईस (4) ने दम तोड़ दिया। जिसके शव को मोर्चरी में शिफ्ट कराया गया है। जबकि अन्य घायलों का फिलहाल इलाज चल रहा है। एएसआई राधेश्याम ने बताया कि हादसे में बाइक सवार पप्पू बैरवा और उसकी पत्नी प्रियंका तथा टेम्पों सवार गोमती देवी, किशनी बंजारा और लोहड़ी राम घायल हो गए। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा।


