छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह चलाया जा रहा है। ऐसे में हर दिन वाहनों की जांच के साथ लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी के तहत जिले के सभी सभी थाना क्षेत्र में शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच की गई। जहां 38 वाहन चालक पकड़े गए। जिले में लगातार दुर्घटनाएं हो रही है। जिसे देखते हुए यह जांच अभियान चलाया गया। बाईपास, हाईवे समेत ग्रामीण क्षेत्र की मुख्य सड़कों पर पुलिस व यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से ब्रीथ एनालाइजर मशीन से वाहन चालकों की जांच की। ऐसे में कुछ वाहन चालक तो दूर से पुलिस को देखकर भाग गए, लेकिन जांच के दौरान कई वाहन चालकों में एल्कोहल सेवन की पुष्टि होने पर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। कोतरा रोड थाना क्षेत्र में 6 प्रकरण दर्ज किए गए। इसके अलावा यातायात थाना, जूटमिल, पुसौर व लैलूंगा थाना क्षेत्र में 5-5 प्रकरण बने। वहीं चक्रधर नगर थाना क्षेत्र में 4, खरसिया थाना क्षेत्र में 3, खरसिया चौकी क्षेत्र में 1, तमनार और घरघोड़ा थाना क्षेत्र में 2-2 प्रकरण कुल 38 वाहन चालक ऐसे पकड़े गए, जो शराब के नशे में वाहन चला रहे थे। लगातार जारी रहेगी कार्रवाई
यातायात DSP उत्तम प्रताप सिंह ने बताया कि वर्तमान में जिले में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। जिसके अंतर्गत लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर यातायात व थाना के पुलिस टीम द्वारा मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की गई। जहां 38 वाहन चालकों को शराब पीकर चलाते पकड़ा गया है। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगा।


