क्राइम रिपोर्टर | रांची डोरंडा थाना क्षेत्र में 5 जून की रात करीब 10:30 बजे तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने एक स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी थी। इस हादसे में चार लोग घायल हो गए थे। स्कूटी सवार मो. अयान ने डोरंडा थाने में वाहन के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार उछलकर गिर गया। सड़क पर घिसटता चला गया। उसी समय सड़क किनारे खड़े दो युवक मो. नवाज और मो. राजा भी चपेट में आ गए। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मो. नवाज का इलाज रिम्स रांची में चल रहा है। घटना के समय चार पहिया वाहन में दो युवक और एक युवती सवार थे। तीनों शराब के नशे में थे। हादसे के बाद वे गाड़ी से उतरे और घायलों को गालियां देने लगे। जान से मारने की धमकी भी दी। हादसे में अयान की स्कूटी जलकर राख हो गई थी।


