रामगढ़ | रामगढ़ जिला क्षेत्र में कई दिनों से लगातार मूसलाधार बारिश की वजह से शहरी क्षेत्र स्थित दुसाध मुहल्ला निवासी बिरसा गंझू का कच्चा मकान धंस गया। मकान गिरने से किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है। सिर्फ घर में रखे अनाज सहित आवश्यक सामग्रियां मलबे में दब गए है। बिरसा गंझू ने अंचल कार्यालय में आवेदन देकर मुआवजा देने की मांग की है। भुक्तभोगी ने बताया कि वर्तमान में वे प्लास्टिक डालकर व चटाई बिछाकर अपना जीवन यापन कर रहे हैं। भुक्तभोगी की परेशानी को देखते हुए दिगंबर जैन समाज के पूर्व अध्यक्ष माणिकचंद जैन ने आर्थिक सहयोग किया है। पतरातू । युवा भाजपा नेता पतरातू मंडल उपाध्यक्ष सह मुखिया किशोर महतो ने बयान जारी कर कहा है कि पतरातू सहित पूरे राज्य में बालू का अवैध खनन और तस्करी की जा रही है। एनजीटी के कड़े आदेश के बावजूद बालू माफिया ट्रैक्टर और हाइवा से खुलेआम इसकी तस्करी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पूरा खेल मैनेज सिस्टम पर आधारित है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की सख्ती पर भी सवाल उठ रहे हैं थाना से चंद किलोमीटर की दूरी से बालू माफिया अपने वाहनों को ले जाते हैं। बालू की अवैध तस्करी से सरकार को करोड़ों के राजस्व की चपत लग रही है। इस संबंध में अंचल अधिकारी ने कहा कि इसकी सूचना हमें जैसे ही मिलेगी कार्रवाई की जाएगी। पतरातू | पतरातू प्रखंड अंतर्गत भुरकुंडा हॉस्पिटल कॉलोनी में शुक्रवार की सुबह बगीचे में काम कर रहे एक व्यक्ति को सांप ने डस लिया। परिजन उसे इलाज के लिए आदर्श क्षेत्रीय अस्पताल, भुरकुंडा लेकर पहुंचे। अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद फौरन व्यक्ति को रिम्स रेफर कर दिया गया। बताया गया कि हॉस्पिटल कॉलोनी निवासी दिलीप पासवान अपने बगीचे में काम कर रहा था। इसी दौरान उक्त व्यक्ति को एक विषैले सांप ने काट लिया। पतरातू | पतरातू प्रखंड अंतर्गत गेगदा गांव में शुक्रवार को मोटर पंप का तार जोड़ते समय एक महिला को करंट लगने से गंभीर हो गई। जानकारी के अनुसार गेगदा गांव निवासी सुगनी देवी (40) मोटर पंप का तार जोड़ रही थी। इसी दौरान उसे करंट लग गई। फौरन परिजन उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। जहां पर महिला का इलाज जारी है। रामगढ़ | शहर के मेन रोड में चित्रकार पेंटिंग क्लास में गिनीज बुक का रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराने वाले वैभव शर्मा से बच्चे पेंटिंग सीख सकेंगे। शुक्रवार को सांसद प्रतिनिधि अनमोल सिंह ने चित्रकार पेंटिंग क्लास का शुभारंभ कर बच्चों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि रामगढ़ के होनहार चित्रकार वैभव कुमार शर्मा का अनुभव का लाभ बच्चों को मिलेगा,और बच्चे अच्छी चित्रकला सीख सकेंगे। रामगढ़ के लिए वैभव शर्मा एक धरोहर है,और वे बच्चों के लिए प्रेरणा बनेंगे। मौके पर लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष मनमोहन सिंह लांबा, संतोष कुमार, मो रियाज, अरुण शर्मा, मोहम्मद कलाम समेत अनेक लोग मौजूद थे। पतरातू । पतरातू क्षेत्र के 11केवी पतरातू फीडर विद्युत लाइन में 28 जून को विभाग द्वारा मेंटेनेंस का कार्य किया जाएगा । मेंटेनेंस कार्य को लेकर पतरातू क्षेत्र में प्रातः 8 बजे से शाम 5 बजे तक आंशिक रूप से बिजली कटी रहेगी। इस दौरान हाई टेंशन लाइन में भी कार्य किए जाएंगे। उक्त जानकारी बिजली विभाग के अभियंता रोहिताश कुमार ने दी।


