भास्कर न्यूज|रामगढ़ रामगढ़ शहर से 3 किलोमीटर दूर कैथा में भगवान जगन्नाथ की मंदिर में रथ यात्रा महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। शुक्रवार की अहले सुबह वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान जगन्नाथ की महा पूजा की गई। इसके बाद सुबह 6 बजे से भगवान के दर्शन व पूजन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर में देर शाम तक भक्तों का तांता लगा रहा। यहां, महिला पुरुषों ने मंदिर में पूजन कर मत्था टेक कर आशीर्वाद लिया। मंदिर का वातावरण जय जगन्नाथ स्वामी के जयकारों से गूंजायमान होता रहा। मंदिर के मुख्य पुजारी डॉ बीएन चटर्जी व सहायक पुजारी आशुतोष चटर्जी ने भगवान जगन्नाथ, बहन सुभद्रा, भाई बलभद्र के विग्रहों की पूजा कर आम, केला, चूड़ा, गुड़, लड्डू का प्रथम प्रसाद भोग लगाया। वहीं, दिन में 11.15 बजे मालपुआ व बुंदिया,1 बजे खिचड़ी भोग,1.30 बजे खीर भोग और संध्या 5.15 बजे भगवान को छप्पन भोग लगाया गया। वहीं,मंदिर में लोगों के बीच भंडारा का प्रसाद वितरण किया गया। मंदिर में संध्या 7 बजे महाआरती के बाद 7.29 बजे से वैदिक मंत्र व शंखनाद के बीच भगवान के विग्रहों को गद्दी से उतरा गया। वहीं,रात 7.40 बजे भगवान रथारुढ़ होकर मौसीबाड़ी पहुंचे। यहां,भगवान के विग्रह विराजमान रथ को भक्तों ने अपने हाथों से खींच कर मौसीबाड़ी पहुंचाया। यहां,पुजारी ने 8.30 बजे महाआरती के बाद लोगों के बीच प्रसाद बांटा।


